HomeCITYसिविल अस्पताल में सफाई कर्मियों की हड़ताल: वेतन व दिवाली बोनस न...
सिविल अस्पताल में सफाई कर्मियों की हड़ताल: वेतन व दिवाली बोनस न मिलने पर काम ठप
लखनऊ, 17 अक्टूबर। राजधानी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल में शुक्रवार सुबह सफाई कर्मियों ने वेतन और दिवाली बोनस न मिलने के विरोध में हड़ताल कर दी। लगभग 75 आउटसोर्स सफाई कर्मियों ने सुबह 9 बजे से काम बंद कर दिया और अस्पताल के मुख्य द्वार पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
कर्मचारियों का मुख्य आरोप है कि ठेकेदार कंपनी ने गुरुवार को होने वाला भुगतान ट्रेजरी की तकनीकी अड़चन का हवाला देकर रोका दिया, जिससे त्योहारों के बीच परिवार पर संकट आ गया। एक कर्मचारी ने कहा, “दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन पैसे नहीं मिलते।
दिवाली बोनस भी लटका है, अब क्या करेंगे?”
प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी हुई – ‘वेतन दो, बोनस दो, काम बंद’। कर्मचारियों ने अस्पताल डायरेक्टर से तत्काल भुगतान की मांग की। प्रदर्शन की शुरुआत में ही एक महिला सफाई कर्मचारी की तबीयत बिगड़ गई, जिसे तुरंत डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार दिया। हड़ताल से अस्पताल परिसर में कूड़ा जमा होने लगा, जिससे मरीजों को असुविधा हुई। एनएचएम (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) के तहत इनका भुगतान होता है, लेकिन देरी से सफाई व्यवस्था चरमरा गई।
कर्मचारी आउटसोर्स सिस्टम से तंग आ चुके हैं। कर्मियों ने डायरेक्टर को ज्ञापन सौंपा और दो घंटे के अंदर भुगतान न होने पर लंबी हड़ताल की चेतावनी दी।
दोपहर तक प्रशासन ने भुगतान करा दिया और कर्मचारी काम पर लौट आए। फिर भी, कर्मचारियों ने मांग की कि भविष्य में ऐसी देरी न हो।
Post Views: 646