लखनऊ 28 मई । 26/11 मुंबई हमले के मामले में भारत प्रत्यर्पित किए गए पाकिस्तानी मूल के आतंकी तहव्वुर राणा की याचिका पर दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने जेल प्रशासन से इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। राणा ने अपनी याचिका में जेल में परिवार से बातचीत करने की अनुमति मांगी है।राणा को हाल ही में अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित किया गया था, और वह 2008 के मुंबई आतंकी हमलों से जुड़े मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की हिरासत में है। एनआईए राणा से रोजाना 8 से 10 घंटे पूछताछ कर रही है, जिसमें उनके सह-साजिशकर्ता डेविड कोलमैन हेडली के साथ संबंधों पर भी ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।सूत्रों के अनुसार, राणा ने अपनी याचिका में जेल में कुछ सुविधाओं, जैसे परिवार से बातचीत, नॉन-वेज भोजन, और अन्य जरूरतों की मांग की है। कोर्ट ने इस याचिका पर सुनवाई करते हुए जेल प्रशासन को निर्देश दिया है कि वह राणा की मांगों और जेल में उनकी स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करे।



