लखनऊ,10 जून। लखनऊ के सरोजिनी नगर तहसील में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। लखनऊ कमिश्नर रोशन जैकब ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए पांच लेखपालों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई तब हुई, जब शिकायत मिली कि इन लेखपालों ने प्रॉपर्टी डीलरों के साथ मिलकर सरकारी जमीन को गलत तरीके से निजी व्यक्तियों के नाम कराने की कोशिश की।जांच में पता चला कि यह मामला सरोजिनी नगर में स्थित करीब 10 बीघा सरकारी जमीन से जुड़ा है, जिसे गैरकानूनी रूप से कब्जा कराने का प्रयास किया गया। कमिश्नर रोशन जैकब ने न केवल लेखपालों को सस्पेंड किया, बल्कि संबंधित प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के भी निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह जमीन ग्राम समाज की थी, जिसे अवैध रूप से बेचने की साजिश रची गई थी। इस मामले में अभी जांच जारी है, और दोषियों को कड़ी सजा देने की बात कही जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर कब्जे की कोई भी कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



