लखनऊ,28 जून । उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। कल देर रात एक निजी स्कूल के प्रबंधक की सोते समय धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। प्रबंधक शुक्रवार रात स्कूल के बरामदे में सो रहे थे, तभी हमलावर ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उनकी गर्दन धड़ से अलग कर दी। सूचना के बाद रुद्रपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि हत्या रंजिश के चलते की गई है। पुलिस ने गांव के चौकीदार समेत 4 लोगों को हिरासत में लिया है। घटना जिला मुख्यालय से 18 किलोमीटर दूर रुद्रपुर कोतवाली के फत्तेपुर गांव की है।पुलिस ने स्कूल परिसर को सील कर दिया है। गांव के चौकीदार समेत 4 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
फत्तेपुर गांव निवासी धनंजय पाल (55) डीडीएन पब्लिक स्कूल नाम से आठवीं तक का स्कूल चलाते थे। उनका स्कूल घर से करीब 500 मीटर दूर रामनगर टोला में है। घरवालों ने बताया कि धनंजय रात में स्कूल में ही सोते थे। हर दिन की तरह शुक्रवार शाम 7 बजे खाना खाने के बाद स्कूल चले गए। गांव के लोगों ने बताया- हम शनिवार सुबह 6 बजे मॉर्निंग वॉक करने गए थे। हर दिन धनंजय पाल से स्कूल के बाहर मुलाकात होती थी, लेकिन वह नहीं दिखे। आवाज लगाई तो कोई जवाब नहीं मिला। हम लोग अंदर जाकर देखे तो स्कूल के बरामदे में रखी चौकी पर धनंजय का लहूलुहान शव पड़ा हुआ था। इसके बाद उनके घरवालों और पुलिस को सूचना दी गई। सुबह 7 बजे घटना की सूचना मिलने पर रुद्रपुर पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से खून के धब्बे, फुटप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने स्कूल से महज 100 मीटर की दूरी पर झाड़ियों में कुल्हाड़ी बरामद की, जिस पर खून लगा हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर स्कूल परिसर को सील कर दिया है।



