लखनऊ, 23 मई।अयोध्या जनपद के मझवा गद्दोपुर गांव के निवासी लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी, सिक्किम में एक सैन्य ऑपरेशन के दौरान शहीद हो गए। उनकी वीरता और बलिदान पर समूचा राष्ट्र गर्व महसूस कर रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑपरेशनल गश्त के दौरान एक साथी जवान तेज बहाव वाली नदी में गिर गया था। लेफ्टिनेंट तिवारी ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए अपने साथी को सुरक्षित निकाला, किंतु स्वयं इस प्रयास में अपनी जान गँवा बैठे।उनका पार्थिव शरीर आज (23 मई 2025) देर शाम तक अयोध्या पहुँचने की संभावना है। 24 मई 2025 को जमथरा घाट पर सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, अयोध्या धाम के अध्यक्ष प्रकाश पाठक ने सभी पूर्व सैनिकों, नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे शहीद की अंतिम यात्रा में शामिल होकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करें और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें।



