लखनऊ ,30 अप्रैल । 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए कानपुर निवासी शुभम द्विवेदी के परिजनों से मिलने आज बुधवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी उनके घर पहुंचे।उन्होंने शुभम द्विवेदी के परिवार से मुलाकात की।
कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने बताया कि मुलाकात के समय शुभम की पत्नी ऐशन्या राहुल गांधी को देखकर रोने लगीं। इस पर राहुल ने उन्हें गले लगा लिया और सांत्वना दी। शुभम के पिता भी राहुल गांधी को देखकर अपने आंसू नहीं रोक पाए। ऐशन्या ने राहुल गांधी को पहलगाम में हुई घटना के बारे में सब कुछ बताया है। उन्होंने बताया कि कैसे मेरे पति को आतंकियों ने गोली मार दी। ऐशन्या ने बताया कि हर जगह सुरक्षा की व्यवस्था थी, लेकिन पहलगाम में कोई सिक्योरिटी नहीं थी।
शुभम द्विवेदी की पत्नी की मांग,कहा उनके पति को मिले शहीद का दर्जा
राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान शुभम द्विवेदी की पत्नी ने कहा कि हमारी एक ही मांग है कि शुभम को शहीद का दर्जा दिया जाना चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि वह इस मुद्दे को आगे ले जाएंगे और इसके लिए पीएम को पत्र लिखेंगे। वहीं बताया जा रहा है कि राहुल गांधी ने परिवार की बातचीत मोबाइल पर प्रियंका गांधी से भी कराई है।



