HomePOLITICSगुजरात में भूपेंद्र सरकार के सभी 16 मंत्रियों का इस्तीफा
गुजरात में भूपेंद्र सरकार के सभी 16 मंत्रियों का इस्तीफा
लखनऊ, 16 अक्टूबर। गुजरात में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सरकार के सभी 16 मंत्रियों ने गुरुवार को सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया। यह इस्तीफा राज्यपाल आचर्य देवव्रत को सौंपा गया। कल, यानी 17 अक्टूबर को गांधीनगर के महात्मा मंदिर में सुबह 11.30 बजे नई कैबिनेट को शपथ दिलाई जाएगी। वर्तमान कैबिनेट में सीएम समेत 17 सदस्य थे (8 कैबिनेट मंत्री और 8 राज्य मंत्री), लेकिन अब संख्या बढ़ाकर 22-23 की जा सकती है। भाजपा आलाकमान ने नए चेहरों पर फोकस किया है, जिसमें दो डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं। कांग्रेस से भाजपा में आए विधायकों जैसे अर्जुन मोढवाड़िया, अल्पेश ठाकोर, सीजे चावड़ा और हार्दिक पटेल को मंत्रीपद मिलने की संभावना है। सौराष्ट्र से जयेश रादडिया और जीतू वाघानी को भी जगह मिल सकती है। पाटीदार और ठाकोर समुदाय को प्राथमिकता दी जाएगी।इस फेरबदल की मुख्य वजह 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारी बताई जा रही है। आलाकमान मौजूदा मंत्रियों से असंतुष्ट था, खासकर हालिया विसावदर उपचुनाव में हार के बाद। सत्ता विरोधी लहर को रोकने और पुराने दिग्गजों को वापस लाने का प्रयास है। तीन साल से मंत्रिमंडल में कोई बदलाव नहीं हुआ था। संभावित रूप से 7-10 मंत्रियों को ड्रॉप किया जाएगा, जिसमें मत्स्य पालन मंत्री पुरुषोत्तम सोलंकी, पंचायत मंत्री बच्चूभाई खाबर, वन मंत्री मुकेश पटेल, खाद्य मंत्री भीखूसिंह परमार और आदिवासी विकास मंत्री कुंवरजी हलपति शामिल हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गुरुवार रात 9 बजे गुजरात पहुंचेंगे, जबकि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार सुबह आएंगे। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री सुनील बंसल पहले ही पहुंच चुके हैं। रात 8 बजे सीएम आवास पर बैठक होगी, उसके बाद नई सूची राज्यपाल को सौंपी जाएगी।यह बदलाव 2021 के विजय रूपाणी मंत्रिमंडल के पूर्ण विसर्जन की याद दिलाता है, जब भूपेंद्र पटेल सीएम बने थे। गुजरात विधानसभा में 182 सीटें हैं, अधिकतम 27 मंत्री संभव हैं। जनवरी में नगर पंचायत चुनावों से पहले यह कदम चुनावी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
Post Views: 229